उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डॉ. विकास सिंह को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज में उप सचिव के पद पर प्रतिनियुक्त किया है। यह नियुक्ति तीन वर्षों की अवधि के लिए की गई है।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर में प्रवक्ता पद पर कार्यरत डॉ. सिंह को शासन द्वारा तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर आयोग में उप सचिव का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह प्रतिनियुक्ति उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग नियमावली, 2023 के नियम-6(1) के अंतर्गत की गई है। शासन ने इस तैनाती को औपचारिक स्वीकृति प्रदान करते हुए आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिनियुक्ति की सेवा शर्तें समय-समय पर शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप होंगी।
शासनादेश विशेष सचिव गिरीजेश कुमार त्यागी द्वारा हस्ताक्षरित किया गया है और संबंधित सभी अधिकारियों एवं संस्थानों को सूचना भेज दी गई है।
क्या है शिक्षा सेवा चयन आयोग की भूमिका?
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों में नियुक्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था है। आयोग के उप सचिव के रूप में डॉ. सिंह की यह नियुक्ति आयोग के प्रशासनिक कार्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक कदम मानी जा रही है।
Post a Comment